Twisha Sharma Death Case: पति समर्थ सिंह गिरफ्तार, CBI जांच की सिफारिश, दूसरे पोस्टमार्टम का आदेश

0

भोपाल का चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बन चुका है। हर दिन सामने आ रहे नए खुलासों के बीच अब इस केस में कई बड़े घटनाक्रम हुए हैं। मुख्य आरोपी और ट्विशा के पति समर्थ सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, वहीं मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दूसरे पोस्टमार्टम के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही मामले की जांच CBI को सौंपने की सिफारिश भी की गई है।

10 दिन बाद हिरासत में आया समर्थ सिंह

Twisha Sharma Death Case : ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से फरार चल रहे समर्थ सिंह ने पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ली थी। इसके बाद वह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, लेकिन अदालत ने उन्हें भोपाल में सरेंडर करने को कहा। बाद में भोपाल पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने पहले समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी बढ़ाया था और पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

हाईकोर्ट ने दिए दूसरे पोस्टमार्टम के आदेश

Twisha Sharma Death Case : मामले में ट्विशा के परिवार ने पहले पोस्टमार्टम पर सवाल उठाए थे। परिवार का आरोप था कि कई अहम पहलुओं को नजरअंदाज किया गया और जांच निष्पक्ष नहीं हुई। इसके बाद हाईकोर्ट ने दूसरे पोस्टमार्टम की मांग मंजूर कर ली। अदालत ने कहा कि दूसरी मेडिकल राय जल्द से जल्द ली जानी चाहिए।

सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि डॉक्टरों की निष्पक्षता पर सीधे सवाल उठाना सही नहीं है, लेकिन यदि परिवार को संदेह है तो दूसरी जांच में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों का जिक्र

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण “एंटीमॉर्टम हैंगिंग” बताया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर ब्लंट इंजरी यानी चोटों के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। बताया गया कि फांसी के लिए जिम्नास्टिक रिंग की रस्सी का इस्तेमाल हुआ था।

इसी बीच परिवार ने दावा किया कि ट्विशा लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेल रही थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित आखिरी मैसेज में ट्विशा ने लिखा था, “I am trapped, bro.

सास गिरिबाला सिंह पर भी बढ़ा दबाव

मामले में ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह भी जांच के घेरे में हैं। हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर नोटिस जारी किया है। राज्य सरकार ने भी उनकी जमानत का विरोध किया है।

इसके अलावा बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। बार काउंसिल का कहना है कि इस तरह के गंभीर आरोप न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता पर असर डालते हैं।

क्या है पूरा मामला?

12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा मृत पाई गई थीं। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन परिवार ने दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के आरोप लगाए। इसके बाद पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज मृत्यु और प्रताड़ना समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया।

ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं और पूर्व मिस पुणे रह चुकी थीं। उन्होंने मॉडलिंग और फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया था।

अब आगे क्या?

अब पूरे मामले की नजर दूसरे पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CBI जांच और समर्थ सिंह से पूछताछ पर टिकी हुई है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला लगातार ट्रेंड कर रहा है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *