ईरान-इजरायल युद्ध का असर भारत तक, LPG सिलेंडर 60 रुपये महंगा, बुकिंग नियम भी बदले

0

पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-इजरायल युद्ध का असर अब भारत की रसोई तक पहुंच गया है. केंद्र सरकार ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. इसके साथ ही गैस सिलेंडर बुकिंग के नियमों में भी बदलाव किया गया है.

lpg-cylinder-price-hike-india

घरेलू सिलेंडर अब 934 रुपये

अब तक जो घरेलू गैस सिलेंडर 874 रुपये में मिल रहा था, उसकी कीमत बढ़कर 934 रुपये हो गई है. वहीं 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू कर दी गई हैं.

21 दिन से पहले नहीं होगी बुकिंग

नई व्यवस्था के अनुसार अब 21 दिन से पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं की जा सकेगी.
इसका मतलब है कि अगर किसी का सिलेंडर 20 दिन या उससे पहले खत्म हो जाता है, तो उसे नया सिलेंडर नहीं मिलेगा.

गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार इस नियम से खासतौर पर उन लोगों को परेशानी हो सकती है जिनके मोबाइल फोन खो गए हैं या जिनके नंबर से बुकिंग नहीं हो पा रही. पहले ऐसे लोग एजेंसी जाकर सीधे बुकिंग और डिलीवरी ले लेते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया मोबाइल आधारित हो गई है.

मध्य प्रदेश के शहरों में नई कीमतें

मध्य प्रदेश के बड़े शहरों में LPG सिलेंडर के नए दाम इस प्रकार हैं.

शहरLPG सिलेंडर की कीमत (₹)
भोपाल918
इंदौर941
ग्वालियर996
जबलपुर919
उज्जैन972

पहले भी बदले थे दाम

इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे. वहीं 8 मार्च 2024 को महिला दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये की कटौती की थी.

कांग्रेस का विरोध

गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद कांग्रेस ने भोपाल में विरोध प्रदर्शन किया. रोशनपुरा चौराहे पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती गैस कीमतों से घरेलू बजट पर बड़ा असर पड़ रहा है.

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी सोशल मीडिया पर सरकार पर निशाना साधते हुए LPG के दाम घटाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *