तेहरान में तेल डिपो पर बड़ा हमला. अमेरिका-इस्राइल की कार्रवाई से ईरान में मचा हड़कंप
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान की राजधानी तेहरान में बड़े सैन्य हमले की खबर सामने आई है. इस्राइल ने दावा किया है कि उसने तेहरान में कई फ्यूल स्टोरेज कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाया है. हमले के बाद शहर के कई इलाकों में आग और घना धुआं फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
ईरानी मीडिया के मुताबिक दक्षिण तेहरान में स्थित एक बड़े तेल डिपो पर भी हमला हुआ है. यह पहली बार बताया जा रहा है कि ईरान के तेल ढांचे को इस स्तर पर निशाना बनाया गया है.

तेहरान में किन ठिकानों को बनाया गया निशाना
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार दक्षिण तेहरान के एक बड़े तेल भंडारण केंद्र पर अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमले हुए. रिपोर्ट में कहा गया कि इस हमले में तेल डिपो को निशाना बनाया गया.
हालांकि एक अन्य रिपोर्ट में बताया गया कि तेल डिपो के पास मौजूद मुख्य रिफाइनरी की सुविधाओं को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है. वहीं इस्राइल की सेना ने बयान जारी कर कहा कि तेहरान में जिन ईंधन भंडारण परिसरों को निशाना बनाया गया, उनका इस्तेमाल ईरानी सैन्य ढांचे के संचालन के लिए किया जाता था.
ईंधन आपूर्ति पर क्या असर पड़ा
ईरान की राष्ट्रीय तेल कंपनी ने कहा है कि तेहरान और अलबोर्ज प्रांत में कुछ ईंधन डिपो पर हमले हुए हैं. हालांकि कंपनी ने यह भी कहा कि दोनों प्रांतों में ईंधन की आपूर्ति अन्य स्रोतों से जारी रखी जा रही है.
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार राजधानी के पश्चिम में स्थित करज समेत तीन अलग-अलग इलाकों में भी फ्यूल डिपो को निशाना बनाया गया. राज्य टीवी के मुताबिक तेहरान के दक्षिण में मौजूद एक रिफाइनरी में भी हमले के बाद आग लग गई.
पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव
तेहरान में हुए इन हमलों के बाद पश्चिम एशिया में पहले से जारी तनाव और बढ़ गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह संघर्ष और बढ़ता है तो इसका असर वैश्विक तेल बाजार और कई देशों की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है.
