20 रुपए के मोमोज को लेकर विवाद, ग्वालियर में छात्र पर फेंका खौलता तेल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोमोज की मात्रा को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक ठेला संचालक ने 18 वर्षीय छात्र के चेहरे पर कढ़ाई में रखा खौलता तेल फेंक दिया। गर्म तेल से छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामला रविवार शाम पुरानी रेशम मिल चौराहे का है। हजीरा पुलिस ने ठेला संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
20 रुपए में कम मोमोज मिलने पर हुआ विवाद
न्यू रेशम मिल के प्रगति नगर निवासी 18 वर्षीय शिवा उर्फ चेतन भदौरिया अपने दो दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था।
रास्ते में तीनों पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित ‘अंकित मोमोज’ के ठेले पर रुके। शिवा ने 20 रुपए के मोमोज खरीदे। उसे प्लेट में मोमोज की मात्रा कम लगी तो उसने ठेला संचालक अंकित से इस बारे में पूछा।
आरोप है कि सवाल करने पर अंकित नाराज हो गया और शिवा से गाली-गलौज करने लगा।
कहासुनी के बाद मारपीट, फिर फेंका खौलता तेल
शिवा ने गाली-गलौज का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद अंकित ने छात्र के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।
इसी दौरान अंकित ने कढ़ाई में रखा खौलता हुआ तेल उठाकर शिवा के ऊपर फेंक दिया। गर्म तेल सीधे चेहरे और कान पर गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के वक्त शिवा के दोनों दोस्त मौके पर मौजूद थे। परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
आरोपी घटना के बाद फरार
हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर के मुताबिक, पीड़ित छात्र की शिकायत पर ठेला संचालक अंकित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
