उमेश पाल हत्याकांड का शूटर अरमान बिहारी गया से प्रयागराज लाया गया, आज कोर्ट में होगी पेशी

0
उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी अरमान बिहारी पुलिस हिरासत में
उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी अरमान बिहारी पुलिस हिरासत में

प्रयागराज में अधिवक्ता उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी और पांच लाख रुपये के इनामी शूटर अरमान बिहारी को पुलिस गया जेल से प्रयागराज ले आई है। रविवार देर रात कड़ी सुरक्षा के बीच उसे प्रिजन वैन से प्रयागराज लाया गया। सोमवार को उसे जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अरमान को फिलहाल पुलिस लाइन में रखा गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में पेशी के बाद उसे नैनी जेल भेजा जा सकता है। इसे देखते हुए जेल की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।

2023 से था फरार

गया निवासी अरमान बिहारी उमेश पाल हत्याकांड के बाद फरवरी 2023 से फरार था। उस पर पुलिस ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश में एसटीएफ भी जुटी हुई थी।

कुछ समय पहले पुलिस को जानकारी मिली कि अरमान गया जेल में बंद है। इसके बाद उसे प्रयागराज लाने की प्रक्रिया शुरू की गई।

रविवार शाम करीब सात बजे ट्रांजिट रिमांड की कॉपी मिलने के बाद प्रयागराज से गई पुलिस ने उसे अपनी कस्टडी में लिया। इसके बाद उसे कड़ी सुरक्षा के बीच प्रिजन वैन से प्रयागराज लाया गया।

CCTV में गुड्डू मुस्लिम के साथ दिखा था अरमान

24 फरवरी 2023 को प्रयागराज के सुलेमसराय में अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनरों की दिनदहाड़े गोली और बम मारकर हत्या कर दी गई थी।

घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में एक बाइक सवार आरोपी नजर आया था, जिसकी पहचान अरमान बिहारी के रूप में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, वह माफिया अतीक अहमद गैंग का शूटर था।

पुलिस का आरोप है कि बाइक पर अरमान के पीछे बमबाज गुड्डू मुस्लिम बैठा था। हमले के दौरान अरमान ने कथित तौर पर फायरिंग की, जबकि गुड्डू मुस्लिम ने बमबाजी की। वारदात के बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए थे।

नैनी जेल में बढ़ाई जा सकती है सुरक्षा

सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में पेशी के बाद अरमान को नैनी जेल भेजा जा सकता है। वहां पहले से अतीक अहमद गैंग से जुड़े कई आरोपी बंद हैं।

इसी वजह से जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती है।

कई आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर

उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन, गुड्डू मुस्लिम और शूटर साबिर समेत कई आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इन पर पांच-पांच लाख रुपये तक का इनाम घोषित है।

पुलिस और एसटीएफ ने इनकी तलाश में कई राज्यों में दबिश दी है, लेकिन अब तक इन आरोपियों का पता नहीं चल सका है।

अरमान ने उमेश पाल हत्याकांड के बाद बिहार में दर्ज एक मामले में अदालत में सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे गया जेल भेज दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश पुलिस की तलाश के चलते उसने जमानत कराने से भी दूरी बनाए रखी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *