गजेंद्र सिंह पटेल बोले- DJ पर नाचने वाले 90% युवा नशे में रहते हैं

खरगोन से भाजपा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल का डीजे और युवाओं के नशे को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है। सांसद ने कहा कि डीजे पर नाचने वाले करीब 90 फीसदी युवा-युवतियां नशा करके नाचते हैं। उन्होंने डीजे और शराब को एक-दूसरे से जुड़ा बताते हुए इन्हें बंद करने की बात कही।
सांसद ने यह बयान 3 अक्टूबर को खरगोन जिले के कसरावद के डोलानी में एक कार्यक्रम के दौरान दिया था। वे शिवडोला, नवरात्रि और गणेश विसर्जन के दौरान बजने वाले डीजे और युवाओं के नाचने को लेकर अपनी बात रख रहे थे।
‘DJ और दारू दोनों चीज मिली हुई हैं’
गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि आज युवाओं की मांग पर डीजे लगाए जाते हैं। उनके मुताबिक, डीजे पर कई घंटे तक नाचने वाले युवा नशे के प्रभाव में रहते हैं।
उन्होंने कहा कि डीजे और दारू दोनों चीजें मिली हुई हैं और इन्हें बंद किया जाना चाहिए। सांसद ने यह भी कहा कि किसी स्थायी स्थान पर किसी कार्यक्रम के दौरान डीजे बजना अलग बात है, लेकिन तेज आवाज में बजने वाले साउंड का समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
कार्यक्रम में उन्होंने मौजूद लोगों से डीजे की जरूरत को लेकर सवाल भी किया।
कांग्रेस ने कहा- युवाओं का अपमान कर रहे सांसद
सांसद के बयान पर खरगोन कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि नाईक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलने के बाद सांसद समाज में वैमनस्य पैदा करने वाली बातें कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि युवाओं को नशेड़ी बताना युवा पीढ़ी का अपमान है और इसका खामियाजा सांसद को भुगतना पड़ेगा।
करीब एक महीने पहले मिली झारखंड की जिम्मेदारी
गजेंद्र सिंह पटेल भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं। करीब एक महीने पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें शामिल किया गया था। पार्टी ने उन्हें झारखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी भी नियुक्त किया है।
‘हम दो, हमारे पांच’ वाले बयान पर भी चर्चा
गजेंद्र सिंह पटेल ने इससे एक दिन पहले, 2 अक्टूबर को, हिंदू परिवारों से कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की अपील की थी। उन्होंने ‘हम दो, हमारे पांच’ का नारा देते हुए जनसंख्या संतुलन को लेकर चिंता जताई थी।
सांसद ने कहा था कि अगर जनसंख्या में संतुलन नहीं रहा तो हिंदू समाज अल्पसंख्यक हो सकता है। उन्होंने शादी और बच्चों को लेकर बदलती सामाजिक प्रवृत्तियों का भी जिक्र किया था।
गजेंद्र सिंह पटेल के लगातार दो दिनों में दिए गए इन बयानों को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
