
भोपाल। छठ पर्व के दिन बिहार के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवा पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल में रहकर अपने करियर को आकार दे रही थीं। जिस दिन घर-घर में आस्था और परिवार के मिलन का उत्सव था, उसी दिन उनके परिजनों को यह दुखद खबर मिली।
भदभदा चौराहे के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 8 बजे सपना रोज की तरह दफ्तर जाने के लिए रैपिडो बाइक से निकली थीं। कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे के पास एक अन्य बाइक सवार ने अचानक रैपिडो चालक को कट मार दिया। संतुलन बिगड़ते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी सपना सड़क पर गिर पड़ीं। उसी समय पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
नो एंट्री में कैसे घुसा डंपर?
इस हादसे ने शहर की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस डंपर ने सपना को कुचला, वह नो एंट्री क्षेत्र में दाखिल हुआ था। सवाल यह है कि प्रतिबंधित समय और मार्ग पर भारी वाहन आखिर कैसे चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
read more : डही माइक्रो सिंचाई परियोजना : बिरसा मुंडा जयंती पर CM मोहन ने दी ₹1,353.18 करोड़ की सौगात
निजी न्यूज चैनल में करती थीं काम
सपना कुमारी भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल के आउटपुट विभाग में कार्यरत थीं। उनके असमय निधन से मीडिया जगत में शोक की लहर है। सहकर्मी और साथी पत्रकार इसे एक होनहार युवा साथी की अपूरणीय क्षति बता रहे हैं।
फरार डंपर चालक और बाइक सवार की तलाश
सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद डंपर चालक और कट मारने वाला बाइक सवार, दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि व्यस्त चौराहों पर नो एंट्री का सख्ती से पालन, ओवरटेकिंग और कट मारने पर कार्रवाई, और बाइक टैक्सी में सवार लोगों की सुरक्षा कितनी जरूरी है। एक लापरवाही ने एक युवा पत्रकार की जिंदगी छीन ली और एक परिवार को जीवनभर का दर्द दे दिया।
