दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, 47 किमी तक दौड़ती रही बस
नई दिल्ली राजधानी दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 4 अगस्त की रात की है, जिसकी जानकारी 31 अगस्त को सामने आई। मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा है। परिवार में विवाद के बाद वह बिना बताए घर से निकल गई थी और नोएडा में रहने वाले अपने रिश्तेदार के पास जा रही थी।

16 साल की छात्रा से गैंगरेप
बारिश और अंधेरे के बीच परी चौक पर उतरी छात्रा
पुलिस के मुताबिक, भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। इसके बाद वह नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी।
छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 की ओर जा रही है।
बस में शुरू हुई दरिंदगी
शिकायत के मुताबिक, बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत शुरू की। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान बस करीब 47 किलोमीटर तक चलती रही। बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे हुए थे और रात होने के कारण अंदर अंधेरा था।
कश्मीरी गेट के पास उतारकर फरार हुए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए बस के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तिमारपुर की पार्किंग से गिरफ्तार हुए ड्राइवर-कंडक्टर
जांच के दौरान पुलिस ने बस की पहचान की और उसके रूट को ट्रैक किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तिमारपुर की एक बस पार्किंग से ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी कब्जे में ले लिया है। बस की फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
खराब होने के बाद वर्कशॉप से लौट रही थी बस
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी। आरोपी बस को मरम्मत के लिए नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में लेकर गए थे। मरम्मत पूरी होने के बाद दोनों खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रोकने का इशारा किया था।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
