Google Maps का सबसे बड़ा अपडेट. अब 3D मैप और AI से मिलेगा सटीक रास्ता
Google Maps को लेकर कंपनी ने अब तक का सबसे बड़ा अपडेट जारी किया है. इस नए अपडेट के बाद मैप का अनुभव पूरी तरह बदलने वाला है. अब यूजर्स को रास्ता समझने के लिए सिर्फ “100 मीटर बाद दाएं मुड़ें” जैसे निर्देश नहीं मिलेंगे, बल्कि स्क्रीन पर आसपास की असली बिल्डिंग, स्कूल, अस्पताल और ट्रैफिक लाइट भी 3D में दिखाई देंगी.
इससे रास्ता पहचानना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा और गलत मोड़ लेने की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो सकती है.

अब बिल्डिंग देखकर समझ आएगा रास्ता
पहले जब Google Maps में 100 मीटर बाद दाएं या बाएं मुड़ने का निर्देश मिलता था, तो कई बार कन्फ्यूजन हो जाती थी, खासकर तब जब एक ही जगह पर कई रास्ते होते थे.
अब नए अपडेट के बाद मैप बताएगा कि आपको किस बिल्डिंग या लैंडमार्क से मुड़ना है. उदाहरण के लिए स्क्रीन पर लिखा होगा कि “अस्पताल के पास से राइट लें” या “फलां बिल्डिंग के पास से लेफ्ट लें”. साथ ही उस जगह का 3D व्यू भी दिखाई देगा.
“Ask Maps” फीचर से AI देगा जवाब
Google ने इस अपडेट में अपना AI मॉडल Gemini भी Google Maps में जोड़ दिया है. इसके बाद यूजर्स को सिर्फ कमांड देना होगा और मैप खुद विकल्प सुझा देगा.
जैसे अगर आप कहेंगे कि चार लोगों के लिए एक अच्छा वेज या नॉनवेज होटल ढूंढो, तो Maps आसपास के होटल और उनके विकल्प स्क्रीन पर दिखा देगा.
इसी तरह अगर आपकी इलेक्ट्रिक कार की बैटरी कम हो रही है तो आप मैप से कह सकते हैं कि पास में ऐसा चार्जिंग स्टेशन ढूंढो जहां होटल या रेस्टोरेंट भी हो.
इसके लिए मैप में नया “Ask Maps” बटन दिया गया है.
3D व्यू से रास्ता दिखेगा बिल्कुल असली जैसा
Gemini AI की मदद से Google Maps अब स्ट्रीट व्यू और सैटेलाइट व्यू को मिलाकर एक रियलिस्टिक 3D विजुअल दिखाएगा. इसका मतलब है कि स्क्रीन पर आपको सड़क, बिल्डिंग और आसपास की जगह लगभग असली जैसी नजर आएगी.
इससे ड्राइविंग के दौरान रास्ता समझना और भी आसान हो जाएगा.
भारत में भी शुरू हुआ नया अपडेट
Google ने इस नए अपडेट को अमेरिका के साथ भारत में भी रोलआउट करना शुरू कर दिया है. यूजर्स अपने फोन के Play Store या App Store में जाकर Google Maps ऐप को अपडेट करके इस फीचर का इस्तेमाल कर सकते हैं.
