महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड से की शादी, सुरक्षा के लिए पुलिस स्टेशन पहुंची
महाकुंभ के दौरान अपनी नीली-भूरी आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा भोसले एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी है. जानकारी के मुताबिक मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान के साथ शादी कर ली है और दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा की मांग की.

परिवार के विरोध के कारण घर छोड़ना पड़ा
मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ है. खासकर उनके पिता जय सिंह भोसले इस संबंध का कड़ा विरोध कर रहे थे. अलग-अलग धर्म से होने के कारण परिवार की ओर से उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. मोनालिसा का आरोप है कि उन्हें घर लौटने के लिए मजबूर किया जा रहा था और धमकियां भी दी जा रही थीं. इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ने का फैसला किया और अपने प्रेमी फरमान के साथ केरल पहुंच गईं.
डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे दोनों
पुलिस पूछताछ में मोनालिसा और फरमान ने बताया कि वे करीब डेढ़ साल से रिश्ते में हैं. दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी. सामाजिक और धार्मिक दबाव से दूर रहने के लिए उन्होंने केरल आने का फैसला किया. पुलिस ने दस्तावेजों की जांच की तो मोनालिसा बालिग पाई गईं. इसके बाद उनके पिता को भी थाने बुलाया गया, लेकिन कानून के मुताबिक बालिग होने के कारण पुलिस ने उन्हें अपनी इच्छा से रहने की अनुमति दे दी.
महाकुंभ 2025 में रातोंरात हुई थीं वायरल
दरअसल मोनालिसा भोसले साल 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान अचानक चर्चा में आ गई थीं. उस समय वह अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष और माला बेचती नजर आई थीं. उनकी नीली-भूरी आंखों वाली तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए थे.
फिल्म में भी मिला काम
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के बाद मोनालिसा को फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में काम करने का मौका भी मिला. हालांकि अचानक मिली लोकप्रियता के साथ उनकी जिंदगी में कई विवाद भी जुड़े रहे और अब उनका यह इंटरफेथ मैरिज का मामला भी चर्चा का विषय बन गया है.
