जदयू में शामिल हुए निशांत कुमार. बेटे की एंट्री के बाद नीतीश कुमार 10 मार्च से शुरू करेंगे समृद्धि यात्रा

0

बिहार की राजधानी पटना में रविवार को राजनीति का नया अध्याय शुरू हुआ. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली. पटना स्थित पार्टी कार्यालय में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.

निशांत कुमार के पार्टी में शामिल होते ही इसे जदयू में नई पीढ़ी की एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है

nitish and nishant

जदयू ज्वाइन करते ही पिता से मिले निशांत

पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार सीधे पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और अपने पिता नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पिता को गले लगाया और इस खास मौके पर उनका मुंह भी मीठा कराया.

10 मार्च से शुरू होगी समृद्धि यात्रा

निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अगला राजनीतिक कार्यक्रम भी तय हो गया है. नीतीश कुमार 10 मार्च से समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत करेंगे. यह यात्रा 14 मार्च तक चलेगी.

राजनीतिक हलकों में इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि चर्चा है कि मुख्यमंत्री रहते हुए यह नीतीश कुमार की आखिरी बड़ी यात्रा हो सकती है.

जदयू ज्वाइन कर क्या बोले निशांत कुमार

जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि यहां आए सभी लोगों का वह धन्यवाद करते हैं. उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सक्रिय सदस्य के रूप में काम करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे.

राज्यसभा जाने के नीतीश कुमार के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह उनके पिता का निजी फैसला है और वह उसका सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि सभी लोग नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेंगे.

जदयू नेताओं में दिखा उत्साह

निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने को लेकर पार्टी के नेताओं में भी काफी उत्साह देखा गया. बिहार सरकार के मंत्री रत्नेश सादा ने कहा कि निशांत कुमार बिहार का भविष्य हैं और नीतीश कुमार के अधूरे कामों को पूरा किया जाएगा.

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि आने वाले समय में निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *