बादशाह के बाद अब ‘सरके चुनर तेरी सरके’ पर विवाद, हरियाणा महिला आयोग सख्त

मनोरंजन जगत में बढ़ती अश्लीलता को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. मशहूर सिंगर बादशाह के गाने ‘ततीरी’ के बाद अब बॉलीवुड गीत ‘सरके चुनर तेरी सरके’ भी विवादों में आ गया है. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस गाने पर कड़ा ऐतराज जताया है.
महिला आयोग ने उठाए सवाल
सरके चुनर तेरी सरके विवाद :हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने बताया कि आयोग ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को पत्र लिखकर इस गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों और दृश्य सामग्री पर गंभीर चिंता जताई है. आयोग का कहना है कि इस तरह के गीत समाज के नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रभावित करते हैं.
कानूनी मानकों के उल्लंघन का आरोप
आयोग के अनुसार, ‘सरके चुनर तेरी सरके’ में अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही की मौजूदगी वाले दृश्य और बोल सिनेमैटोग्राफ एक्ट, 1952 के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते प्रतीत होते हैं. आयोग ने इसे अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट की श्रेणी में बताया है.
युवाओं पर पड़ सकता है नकारात्मक असर
सरके चुनर तेरी सरके विवाद : महिला आयोग ने अपने पत्र में खास तौर पर युवाओं और बच्चों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई है. आयोग का मानना है कि ऐसे गीत युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकते हैं और समाज में गलत सोच को बढ़ावा दे सकते हैं.
CBFC से मांगा जवाब
आयोग ने CBFC से इस मामले में जल्द विस्तृत जवाब देने और भविष्य में इस तरह के कंटेंट की सख्त जांच सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही नियामक संस्थाओं को अपनी जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी गई है.
सख्त रुख का संदेश
महिला आयोग का यह कदम मनोरंजन उद्योग के लिए एक स्पष्ट संदेश माना जा रहा है कि अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर अब सख्ती बढ़ेगी. यह कार्रवाई समाज में सकारात्मक दिशा देने और महिलाओं के सम्मान की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
