पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा,नायरा एनर्जी ने फिर बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम

देश की बड़ी प्राइवेट फ्यूल रिटेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए हैं। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
मामले से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची ऊर्जा कीमतों के चलते फ्यूल रिटेलर्स पर बढ़ रहे दबाव के बीच यह फैसला लिया गया है।
नायरा के 7,108 पेट्रोल पंपों पर बढ़े दाम
नायरा एनर्जी देशभर में करीब 7,108 पेट्रोल पंप संचालित करती है। सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह से ही कंपनी के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया।
कंपनी की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Also Read : मंहगाई की मार #petrolprice
मार्च में भी बढ़ाए थे दाम
इस साल मार्च में पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ने के बाद नायरा ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे।
26 मार्च को पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया गया था। इसके बाद नायरा के पंपों पर पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹100.71 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹91.31 प्रति लीटर हो गई थी।
इसके बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी मई में पेट्रोल और डीजल के दामों में कई चरणों में बढ़ोतरी की थी।
जुलाई में नायरा ने घटाए थे दाम
हालांकि, अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के बाद नायरा ने जुलाई में अपने बढ़े हुए दाम वापस ले लिए थे।
1 जुलाई को कंपनी ने पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता किया था।
अब एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से नायरा के ग्राहकों पर ईंधन का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
