इंदौर में जहरीली गैस से 2 निगमकर्मियों की मौत, सीवर टैंक में सफाई के दौरान हादसा

0

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार शाम सीवर टैंक की सफाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जहरीली गैस के कारण नगर निगम के दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि एक कर्मचारी को बचा लिया गया, घटना जोन-13 के चोइथराम मंडी गेट इलाके की बताई जा रही है।

इंदौर में सीवर टैंक में उतरे दो निगमकर्मियों की मौत

पाइप निकालने के लिए टैंक में उतरे कर्मचारी

जानकारी के अनुसार नगर निगम कर्मचारी शाम करीब 6:30 बजे सीवर टैंक की सफाई कर रहे थे। करीब 25–30 फीट गहरे टैंक को मशीन और सक्शन टैंकर से साफ किया जा रहा था,इसी दौरान सफाई में इस्तेमाल हो रहा पाइप का एक हिस्सा चैंबर के अंदर गिर गया।

पाइप निकालने के लिए सबसे पहले कर्मचारी करण यादव टैंक में उतरे, लेकिन कुछ देर बाद उनकी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अजय डोडिया उन्हें बचाने के लिए नीचे उतरे, लेकिन जहरीली गैस के कारण दोनों बेहोश हो गए।

साथी कर्मचारियों ने किया रेस्क्यू

मौके पर मौजूद कर्मचारी अकबर ने बताया कि जब दोनों कर्मचारी बाहर नहीं आए तो अंदर झांककर देखा, जहां वे बेहोश पड़े थे। इसके बाद अमन नाम के युवक ने कमर में रस्सी बांधकर टैंक में उतरकर एक कर्मचारी को ऊपर खींचने की कोशिश की। इस दौरान अमन भी गैस से प्रभावित हुआ, लेकिन उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस की मदद से दोनों कर्मचारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने करण यादव और अजय डोडिया को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

नगर निगम ने दी सफाई

नगर निगम के अनुसार कर्मचारी करण यादव बिना सूचना दिए पाइप निकालने के लिए चैंबर में उतर गए थे। उन्हें बचाने के लिए अजय डोडिया भी नीचे उतरे, लेकिन जहरीली गैस की वजह से दोनों की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *