राजा रघुवंशी के दोस्त ने की आत्महत्या, जन्मदिन के दो दिन बाद उठाया खौफनाक कदम

0
राजा रघुवंशी के दोस्त ने की आत्महत्या

इंदौर में राजा रघुवंशी मर्डर केस से जुड़े एक शख्स की आत्महत्या का मामला सामने आया है। राजा रघुवंशी के करीबी दोस्त और ट्रांसपोर्ट कारोबारी अर्पित चौहान (34) ने अपने जन्मदिन के दो दिन बाद घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के अरिहंत नगर की है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

राजा की मौत के बाद ट्रांसपोर्ट का काम संभाल रहे थे

पुलिस के मुताबिक, अर्पित चौहान राजा रघुवंशी के करीबी दोस्त थे। राजा का ट्रांसपोर्ट का कारोबार था और उसकी कई गाड़ियां शहर के ढक्कनवाला कुआं स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट में अटैच थीं।

राजा की शिलांग में हत्या के बाद अर्पित ही उसके ट्रांसपोर्ट से जुड़े कामकाज को संभाल रहे थे।

अर्पित अपने परिवार में दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन साल की बेटी है। छोटा भाई अभिषेक भी उनके साथ ट्रांसपोर्ट का काम करता था।

जन्मदिन के दो दिन बाद लगाई फांसी

जानकारी के मुताबिक, 30 सितंबर को अर्पित ने अपना जन्मदिन मनाया था। इसके दो दिन बाद शुक्रवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस लगाया।

स्टेटस में लिखा था—

“नियंत्रण बहुत जरूरी है, अगर आमदनी कम हो तो खर्चों पर और जानकारी कम तो शब्दों पर।”

इसके करीब 11 बजे उन्होंने घर में फांसी लगा ली। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस को मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल अन्नपूर्णा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

अर्पित की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या से पहले उनके साथ ऐसा क्या हुआ था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *