होली के दिन पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट , प्रेमी पर तेजाब से हमला

0

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से होली के दिन एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. खुशियों और रंगों के त्योहार के बीच एक पति ने अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी. इतना ही नहीं, उसने पत्नी के प्रेमी पर भी तेजाब से हमला कर दिया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची.

होली के दिन पति ने पत्नी उतारा मौत के घाट , प्रेमी पर तेजाब से हमला

मुखौटा लगाकर घर पहुंचा आरोपी

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजीजगंज स्थित बालाजी नगर कॉलोनी का है. बताया जा रहा है कि महिला अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ रह रही थी. इसी बात को लेकर पति काफी समय से नाराज चल रहा था.

होली की सुबह आरोपी पति मुखौटा लगाकर महिला के घर पहुंचा और दरवाजा खुलवाया. जैसे ही महिला के प्रेमी ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर तेजाब फेंक दिया. अचानक हुए इस हमले से युवक बुरी तरह झुलस गया.

पत्नी की गला काटकर हत्या

तेजाब फेंकने के बाद आरोपी घर के अंदर घुस गया और अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. उसने महिला का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस दौरान महिला के प्रेमी और आरोपी के बीच जमकर हाथापाई भी हुई, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल पति और प्रेमी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. वहीं महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान आरती के रूप में हुई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की सभी परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है.

होली के दिन हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. रंगों के त्योहार पर खून से रंगी इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *