चंडीगढ़ ब्लास्ट: सेक्टर-37 में BJP दफ्तर के बाहर धमाका, खालिस्तानी आतंकी का जिम्मेदारी लेने का दावा

0

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार शाम करीब 4:48 बजे जोरदार धमाका हुआ. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोग दहशत में बाहर निकल आए.

आतंकी संगठन से जुड़ा दावा, सोशल मीडिया पोस्ट वायरल

chandigarh-blast-bjp-office

चंडीगढ़ ब्लास्ट : हमले के बाद खालिस्तानी आतंकी सुखजिंदर सिंह बब्बर द्वारा सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. पोस्ट में 1 अप्रैल 2026 को हुए इस ग्रेनेड हमले का जिक्र करते हुए भारतीय सिस्टम के खिलाफ चेतावनी दी गई है. साथ ही खालसा पंथ के नाम पर प्रतिक्रिया की बात कही गई है और खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए हैं. हालांकि एजेंसियां इस दावे की सत्यता की जांच कर रही हैं.

धमाके में नुकसान, कार और एक्टिवा क्षतिग्रस्त

चंडीगढ़ ब्लास्ट : विस्फोट के चलते भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ी एक कार के शीशे टूट गए. वहीं एक काले रंग की एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. आसपास की दीवारों पर 50 से अधिक स्थानों पर छर्रों के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि विस्फोट में भारी नुकसान पहुंचाने की मंशा थी.

क्रूड बम का इस्तेमाल, श्रैपनेल से बढ़ाया असर

एसएसपी कंवरदीप कौर के अनुसार हमले में क्रूड बम का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें श्रैपनेल और फ्रैगमेंटेशन मटेरियल भरा गया था. इससे विस्फोट का असर ज्यादा घातक हो जाता है. पुलिस इस हमले के तकनीकी पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है.

CCTV में संदिग्ध गतिविधि, जांच कई एंगल से

प्रारंभिक जांच में CCTV फुटेज से संकेत मिला है कि सड़क की ओर से कोई संदिग्ध वस्तु फेंकी गई, जो एक्टिवा के पास गिरते ही फट गई. हालांकि यह भी जांच का विषय है कि कहीं विस्फोटक पहले से वाहन में प्लांट तो नहीं किया गया था.

NIA और CFSL की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के साथ-साथ पंजाब पुलिस और नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम मौके पर पहुंची. केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) ने भी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. पूरे इलाके को घेरकर जांच की जा रही है.

BKI कनेक्शन की आशंका, साजिश गहरी

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस हमले के तार प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ सकते हैं. साथ ही यह भी आशंका जताई जा रही है कि हमला भाजपा नेता अश्वनी कुमार शर्मा को निशाना बनाकर किया गया हो सकता है, जिन्हें पहले ही सुरक्षा को लेकर चेतावनी दी गई थी.

हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

घटना के बाद चंडीगढ़ और पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित हमला माना जा रहा है और आने वाले समय में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है.

https://www.youtube.com/live/56SQmLJs3qI?si=UAGq-Luewk7YKBMg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *