दमोह में दिल दहला देने वाली वारदात. 16 साल के किशोर की हत्या, आरोपी पर खून पीने का आरोप

मध्यप्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने 16 साल के किशोर पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी पर मृतक का खून पीने और मांस नोचने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया है.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बहन के घर जा रहा था किशोर
यह घटना दमोह के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव की बताई जा रही है. रिपोर्ट के मुताबिक 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा गुरुवार, 5 मार्च को अपनी बहन के घर जा रहा था.
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह घर के पास पहुंचा, आरोपी गुड्डा पटेल ने पीछे से उस पर हमला कर दिया. आरोपी पहले से ही लोहे की रॉड लेकर मौके पर बैठा था.
हथौड़े और रॉड से किया हमला
आरोपी ने भरत के सिर पर लोहे की रॉड और हथौड़े से कई बार वार किए. हमला इतना घातक था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी ने मृतक के सिर से निकलता खून पिया और शव से मांस नोचने की कोशिश भी की.
ग्रामीणों ने आरोपी को घेरकर पकड़ा
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गांव वालों ने उसका पीछा किया और उसे एक मैदान में घेरकर पकड़ लिया. बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
बताया जा रहा है कि पुलिस के आने के बाद भी आरोपी का व्यवहार काफी हिंसक था और उसने लोगों पर हमला करने की कोशिश की.
आरोपी का कराया जा रहा मेडिकल
मामले पर जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी एचआर पांडे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे किसी तरह की मानसिक बीमारी तो नहीं है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था.
