दिल्ली में नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों का माल बरामद, सेहत पर बड़ा खतरा

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने अब रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली चीजों में भी डर बढ़ा दिया है . जहां क्राइम ब्रांच ने नकली टूथपेस्ट बनाने वाली एक बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने लाखों रुपये का नकली सामान बरामद किया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह मामला न सिर्फ आर्थिक अपराध से जुड़ा है, बल्कि सीधे तौर पर आम लोगों की सेहत से भी संबंधित है.
कंझावला में चल रही थी नकली फैक्ट्री
नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि कंझावला के महावीर विहार स्थित सी-ब्लॉक में एक गोदाम में अवैध रूप से नकली टूथपेस्ट बनाया जा रहा है. सूचना के आधार पर 2 अप्रैल को पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा.
रेड के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में खाली टूथपेस्ट ट्यूब, फिलिंग और सीलिंग मशीन, कच्चा पेस्ट, कार्टन और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई. इससे साफ हुआ कि यहां बड़े पैमाने पर नकली टूथपेस्ट तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था.
आरोपी हरि ओम मिश्रा गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-2 निवासी हरि ओम मिश्रा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. आरोपी फैक्ट्री के संचालन में शामिल था और नकली उत्पाद तैयार करने का काम कर रहा था.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यह गोदाम किराए पर लिया था और बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के नकली टूथपेस्ट तैयार कर बाजार में बेच रहा था. यानि की लोगो के हेल्थ के साथ खिलवाड़ का रहा था.
ब्रांडेड जैसा पैक कर बेचता था नकली सामान
नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री : जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लोकल स्तर पर तैयार किए गए पेस्ट को खाली ट्यूब में भरकर उसे ब्रांडेड उत्पाद की तरह पैक करता था. इसके बाद इन नकली उत्पादों को बाजार में सप्लाई किया जाता था, जिससे लोगों को असली और नकली में फर्क करना बेहद ही मुश्किल हो जाता था.
BNS और कॉपीराइट एक्ट के तहत केस दर्ज
क्राइम ब्रांच ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
लोगों की सेहत से बड़ा खिलवाड़
नकली टूथपेस्ट का इस्तेमाल लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है. टूथपेस्ट एक ऐसा प्रोडक्ट है, जिसका इस्तेमाल रोजाना किया जाता है. ऐसे में यदि इसमें गलत या घटिया केमिकल का इस्तेमाल किया गया हो, तो यह दांतों और मसूड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, नकली टूथपेस्ट से दांतों की ऊपरी परत (एनामेल) खराब हो सकती है, मसूड़ों में सूजन आ सकती है और मुंह से जुड़ी अन्य समस्याएं भी बढ़ सकती हैं.
पुलिस ने लोगों से की अपील
दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रोडक्ट को खरीदते समय उसकी पैकेजिंग, गुणवत्ता और ब्रांड की पुष्टि जरूर करें. सस्ते के लालच में नकली उत्पाद खरीदना नुकसानदायक हो सकता है.
पुलिस ने यह भी कहा है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.
