आशा कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
शाजापुर में गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे आशा और आशा सहयोगिनी श्रमिक संघ की जिला इकाई ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया,बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मां राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में एकत्र हुईं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं को लेकर दोबारा ज्ञापन दिया।

मानदेय बढ़ोतरी और भुगतान की मांग
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व घोषित 1000 रुपये की वार्षिक बढ़ोतरी लागू करने और केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 1500 रुपये की राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही मानदेय में हो रही कटौती और भुगतान में लगातार हो रही देरी को लेकर नाराजगी जताई गई।
संघ की जिला अध्यक्ष मोना प्रजापति ने कहा कि कई महीनों से प्रोत्साहन राशि लंबित है, जिससे कार्यकर्ताओं को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Read More : 9 महीने से मानदेय बंद, 6 महीने से वेतन नहीं; रामनगर में धरने पर बैठे कर्मचारी
सम्मानजनक व्यवहार और अधिकार की मांग
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे आंदोलन नहीं करना चाहतीं, बल्कि विभाग से सम्मानजनक व्यवहार और अपने अधिकार चाहती हैं,ज्ञापन में नियमितीकरण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन सुविधा और टीम बेस्ड इंसेंटिव लागू करने की मांग की गई है।
इसके अलावा हर महीने की 5 तारीख तक पे-स्लिप के साथ भुगतान सुनिश्चित करने और ऑनलाइन कार्यों के लिए मोबाइल और डेटा सुविधा देने की मांग भी रखी गई।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
आशा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्दी ही कोई सही फैसला नहीं लिया गया तो वे आगामी रणनीति बनाकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।

1 thought on “आशा कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन”